भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल लगातार चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, जिससे संस्थान के चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। इसी क्रम में वैश्विक वैज्ञानिक मूल्यांकन संस्था स्कॉलर जीपीएस (ScholarGPS) द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग में एम्स भोपाल के कई चिकित्सक-वैज्ञानिकों को उनके उत्कृष्ट शोध, वैज्ञानिक प्रकाशनों तथा अकादमिक योगदान के आधार पर महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त हुई है। इस प्रतिष्ठित सूची में एम्स भोपाल के डॉ. जगत आर. कंवर (जैवरसायन विभाग), डॉ. रजनीश जोशी (सामान्य चिकित्सा विभाग), डॉ. अभिजीत पखारे एवं डॉ. अंकुर जोशी (सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग), डॉ. देबाशीष बिस्वास (सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग), डॉ. सुखेस मुखर्जी, डॉ. अशोक कुमार एवं डॉ. अस्विन कोटनिस (जैवरसायन विभाग), तथा डॉ. अभिनव सिंह और डॉ. वरुण मल्होत्रा को उनके उत्कृष्ट शोध एवं अकादमिक योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि ScholarGPS विश्वभर के शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए रैंकिंग जारी करता है। यह रैंकिंग शोध प्रकाशनों, उद्धरणों (Citations), शोध प्रभाव, अकादमिक उपलब्धियों तथा समग्र वैज्ञानिक योगदान के व्यापक विश्लेषण पर आधारित होती है। इस प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को वैश्विक स्तर पर पहचान प्रदान की जाती है। इस उपलब्धि पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने सभी सम्मानित चिकित्सक-वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संस्थान में शोध उत्कृष्टता, नवाचार और अकादमिक गुणवत्ता की सुदृढ़ संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा संस्थान के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय शोध कार्यों के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा। संस्थान परिवार की ओर से सभी सम्मानित चिकित्सक-वैज्ञानिकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं। हरि प्रसाद पाल / 10 जून, 2026