क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


बोले- चार साल में खरीदा 1 करोड़ 99 लाख का पानी, बिना टेंडर शुरू कराये काम अशोकनगर (ईएमएस)। नगर पालिका के कामकाज और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस पार्षद रीतेश जैन आजाद ने भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया और नपा सीएमओ विनोद उन्नीतान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नगर पालिका में टेंडर प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे वित्तीय अनियमितताओं की आशंका बढ़ रही है। विपक्ष का आरोप है कि कई विकास कार्यों में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही काम शुरू कर दिए गए। वहीं कुछ मामलों में केवल एक टेंडर के आधार पर ठेके आवंटित किए गए। उनका कहना है कि बड़े निर्माण कार्यों के लिए व्यापक स्तर पर टेंडर जारी किए जाने चाहिए, लेकिन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप यह भी है कि कई बार नगर पालिका के नोटिस बोर्ड पर टेंडर संबंधी जानकारी तक प्रदर्शित नहीं की जाती। रीतेश जैन आजाद ने आरोप लगाया कि सीएमओ के शासकीय आवास की मरम्मत पर करीब 4.60 लाख रुपए खर्च किए गए, जिसमें केवल एक निविदा को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा विसर्जन कुंड की पेंटिंग, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत कराए गए पेंटिंग कार्य और सुविधा घाट निर्माण में भी टेंडर खुलने से पहले काम पूरा होने के आरोप लगाए गए हैं। विपक्ष ने संजय स्टेडियम में प्रस्तावित करीब दो करोड़ रुपए के निर्माण कार्य को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कार्य का शुभारंभ हो चुका है, जबकि संबंधित टेंडर प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट नहीं है। विपक्ष का आरोप है कि नियमित जलापूर्ति के दावों के बावजूद पिछले चार वर्षों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने पर बड़ी राशि खर्च की गई। टैंकरों की खरीद और किराए से जुड़े मामलों में भी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई गई है। इसके अलावा कुछ वार्डों में स्वीकृत सडक़ निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं होने और विकास कार्यों में भेदभाव किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। विपक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 10 जून 2026