जिला अस्पताल मार्ग पर विशेष चिन्हांकन एवं जनजागरूकता अभियान संचालित अशोकनगर (ईएमएस)। आपातकालीन परिस्थितियों में प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है। समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध होने से अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस द्वारा एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध मार्ग सुनिश्चित करने हेतु विशेष जनजागरूकता एवं यातायात प्रबंधन अभियान संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान द्वारा अपनी यातायात टीम के साथ शासकीय जिला चिकित्सालय अशोकनगर के मुख्य द्वार से पछाड़ीखेड़ा मार्ग तक एम्बुलेंस आवागमन हेतु निर्धारित मार्ग को व्यवस्थित एवं स्पष्ट रूप से चिन्हित कराया गया। मार्ग पर सफेद रंग से लाइन मार्किंग कराई गई तथा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता बैनर स्थापित किए गए। उक्त कार्यवाही में यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रामकृष्ण कश्यप, आरक्षक देवेन्द्र, आरक्षक मंगलगढ़वाल एवं नागरिक स्वयंसेवक बी.डी. राय द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई। टीम द्वारा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से आमजन को आपातकालीन सेवाओं के महत्व एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों को बताया गया कि एम्बुलेंस, पुलिस एवं अग्निशमन सेवाएं केवल वाहन नहीं बल्कि जीवन रक्षक माध्यम हैं। इनके मार्ग में अवरोध उत्पन्न करना न केवल कानूनी अपराध है बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को भी संकट में डाल सकता है। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 10 जून 2026