लापरवाही बरतने वाली समितियों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु कलेक्टर को भेजा प्रस्ताव नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशों के परिपालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्री विजय राय द्वारा वर्तमान रबी उपार्जन सीजन अंतर्गत विभिन्न गेहूं भंडारण केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री राय ने समितियों द्वारा उपार्जित गेहूं के भंडारण, पैकिंग एवं परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया तथा वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ऑयल फेड बनापुरा केंद्र पर समिति द्वारा उपार्जित गेहूं की पैकिंग कार्य लंबित पाया गया। इस पर संबंधित समिति को तत्काल कार्य पूर्ण करने हेतु सख्त निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पगढाल समिति, बिसौनी कला समिति सहित अन्य समितियों द्वारा भी उपार्जित गेहूं की पैकिंग समय पर नहीं किए जाने तथा निर्धारित समय-सीमा में हैंडलिंग/परिवहन चालान (टीसी) जारी नहीं किए जाने संबंधी गंभीर लापरवाही सामने आई। मौका निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं एवं लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्री विजय राय द्वारा पगढाल, बिसौनी कला एवं अन्य संबंधित दोषी समितियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर नर्मदापुरम को प्रेषित किया गया है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि उपार्जन एवं भंडारण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समितियों को निर्देशित किया है कि समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, जिससे उपार्जित गेहूं के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 10 जून 2026