* दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन, जनकल्याण और गरीबों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री को दी हार्दिक शुभकामनाएं गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात राज्य वक्फ बोर्ड की बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा के लगातार 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सर्वसम्मति से अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। बोर्ड ने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता तथा सर्वसमावेशी कल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को साकार करते हुए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाया है। गुजरात राज्य वक्फ बोर्ड ने अपने अभिनंदन संदेश में कहा कि गरीब, वंचित तथा जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए किए गए विविध प्रयासों के परिणामस्वरूप जनजीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने के संकल्प को वास्तविक रूप मिला है। आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में हुई उल्लेखनीय प्रगति देश के विकास के नए अध्याय की साक्षी बनी है। बोर्ड ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में “विकसित भारत 2047” के महाअभियान को साकार करने के लिए पूरा देश प्रतिबद्ध है। गुजरात राज्य वक्फ बोर्ड भी “विकसित गुजरात” के माध्यम से “विकसित भारत” के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है। इस अवसर पर गुजरात राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. मोहसिन लोखंडवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सर्वांगीण विकास और सर्वसमावेशी प्रगति का नया मार्ग प्रशस्त किया है। उनके योगदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। बैठक में बोर्ड के सदस्य जीशान नकवी, आरिफ सलोत, इमरान खेड़ावाला, सोफिया जमाल, शबाना कुरेशी तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीपसिंह राठौड़ उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। सतीश/10 जून