कटनी (ईएमएस)- शहर के पथ विक्रेताओं एवं स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी कार्यालय में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्रदान कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ उनकी आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। 68 आवेदन प्राप्त राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के सिटी मिशन मैनेजर ने बताया कि लोक कल्याण मेले में अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ने के लिए ऋण आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। मेले के दौरान योजना के तहत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये का ऋण 40 हितग्राहियों को स्वीकृत किया जा चुका है। वहीं द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये का 17 हितग्राहियों तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण 11 हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।उन्होंने बताया कि हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी दिनों में नगर के अन्य वार्डों में भी लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। 39 हितग्राहियों को मिली क्रेडिट कार्ड सुविधा टी मिशन मैनेजर श्री रजक ने बताया कि स्वनिधि योजना के अंतर्गत पूर्व में प्राप्त ऋण की समय पर अदायगी करने वाले 39 हितग्राहियों को 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट कार्ड सुविधा सहित अन्य प्रोत्साहन लाभ भी प्रदान किए जा रहे हैं। इससे पथ विक्रेताओं को अपने व्यवसाय के विस्तार एवं संचालन में अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी। जनहितकारी योजनाओं से जोड़े जा रहे हितग्राही लोक कल्याण मेले के दौरान पथ विक्रेताओं एवं उनके परिवारों की सामाजिक प्रोफाइलिंग कर उन्हें भारत सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, वन नेशन-वन राशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार पंजीयन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं। नगर निगम कटनी ने सभी पात्र पथ विक्रेताओं एवं हितग्राहियों से अपील की है कि वे 30 जून तक आयोजित होने वाले लोक कल्याण मेले में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें और आत्मनिर्भर तथा सशक्त जीवन की दिशा में आगे बढें। लोक कल्याण मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हितग्राही नगर निगम कटनी की शहरी आजीविका मिशन शाखा से संपर्क कर सकते हैं। ईएमएस/मोहने/ 10 जुलाई 2026