कटनी (ईएमएस) नगर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम एवं पुलिस विभाग द्वारा बुधवार को नगर के मुख्य बाजार क्षेत्रों रेलवे स्टेशन मार्ग, गोल बाजार एवं झंडा बाजार में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। तिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बाजार क्षेत्रों की मुख्य सड़कों एवं फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाते हुए संबंधित दुकानदारों एवं व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय संचालित करने की समझाइश दी गई। इस दौरान मुख्य मार्गों के किनारे फुटपाथ पर अस्थाई रूप से अतिक्रमण कर फुटकर सब्जी व्यवसाय करने वालों को निर्धारित स्थल हॉकर्स जोन भेजने की भी कार्यवाही की गई। कार्रवाई के परिणास्वरूप बाजार क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम हुआ तथा आम नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा प्राप्त हुई। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने में सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, जिससे सभी नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सके। ईएमएस/ ईएमएस/ 10 जून 2026