इंफाल (ईएमएस)। मणिपुर में नगा और कुकी समुदायों के बीच जारी तनाव के बीच एक बड़ा और दुखद घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने कांगपोकपी जिले में लापता हुए 6 नगा पुरुषों के शव बरामद किए हैं। यह बरामदगी उस घटना के एक दिन बाद हुई है, जब लगभग 27 दिनों तक बंधक बनाए गए 14 कुकी नागरिकों को रिहा किया गया था। मणिपुर पुलिस के अनुसार, मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और असम राइफल्स के लगभग 450 जवानों ने खोजी कुत्तों तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से करीब 24 घंटे तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद छह शव बरामद किए गए। आशंका है कि ये वही नगा नागरिक हैं, जिन्हें 13 मई को लेइलोन वैफेई क्षेत्र से अगवा किया गया था। शवों को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए इंफाल स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 13 मई को कांगपोकपी जिले में चर्च के तीन नेताओं की हत्या के बाद हालात बिगड़ गए थे। इसके बाद नगा और कुकी समुदायों के लोगों के अपहरण की घटनाएं सामने आई थीं। नगा संगठनों का आरोप था कि छह नगा नागरिकों को बंधक बनाया गया था, जबकि दूसरी ओर 14 कुकी नागरिक भी नगा समूहों की हिरासत में थे। बाद में मानवीय आधार पर 14 कुकी नागरिकों को रिहा कर दिया गया था। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा सहित कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पहले सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई की अपील की थी। अब छह शवों की बरामदगी के बाद क्षेत्र में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। सुबोध/१०-०६-२०२६