नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एनडीए सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल को भारतीय राजनीति और शासन व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक बताया। अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकतांत्रिक स्वीकृति का नया मानक स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज के प्रदर्शन आधारित राजनीतिक दौर में लगातार जनता का समर्थन मिलना प्रधानमंत्री के नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है। शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्थिरता, निर्णायक नेतृत्व और विकास का नया अध्याय देखा है। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य देश के आत्मविश्वास को नई दिशा देने वाला है। अमित शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति के स्थान पर विकास और सुशासन की राजनीति को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कनेक्टिविटी, स्टार्टअप, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश और सुरक्षा नीति अधिक स्पष्ट और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भारत किसी को उकसाता नहीं है, लेकिन यदि कोई चुनौती देता है तो उसका मुंहतोड़ जवाब देने की क्षमता रखता है। राजनाथ सिंह ने भरोसा जताया कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। एनडीए सम्मेलन में नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठबंधन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प भी दोहराया। सुबोध/१०-०६-२०२६