राष्ट्रीय
14-Jun-2026
...


भारत बना रूसी ईंधन का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिमी देशों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिबंधों की धमकियों को पूरी तरह दरकिनार करते हुए भारत ने रूस से कच्चे तेल और गैस की खरीद में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत मई 2026 में रूसी जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार बना रहा। भारतीय रिफाइनरियों द्वारा लगातार बढ़ाई गई खरीद के कारण रूस से कुल कच्चे तेल और अन्य ईंधन का आयात बढ़कर 5.8 अरब यूरो यानी लगभग 56,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर मई महीने में रूस के कच्चे तेल के कुल निर्यात में चीन की हिस्सेदारी 50 फीसदी रही, जबकि भारत 36 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर मजबूती से टिका रहा। आंकड़ों के अनुसार, मई के महीने में रूस से भारत के कुल आयात में अकेले कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की हिस्सेदारी लगभग 83 फीसदी रही। कच्चे तेल के अलावा भारतीय रिफाइनरियों ने रूस से बड़े पैमाने पर तेल उत्पादों और कोयले का आयात भी जारी रखा है। इस अवधि में ऑयल प्रोडक्ट्स का आयात 55 करोड़ यूरो और कोयले के आयात का कुल मूल्य 42.9 करोड़ यूरो दर्ज किया गया। मई महीने के दौरान भारत के कुल कच्चे तेल आयात में मासिक आधार पर आठ फीसदी का जोरदार उछाल आया है। इस भारी वृद्धि का सबसे बड़ा कारण मई में रूस से होने वाले कच्चे तेल के आयात में हुआ 21 फीसदी का इजाफा रहा। भारत में रूसी कच्चे तेल की सबसे ज्यादा आमद गुजरात स्थित देश के प्रमुख रिफाइनिंग और औद्योगिक केंद्रों में देखी गई। आंकड़ों के मुताबिक, वाडिनार रिफाइनरी में अप्रैल की तुलना में मई में 36 प्रतिशत अधिक रूसी तेल जहाजों से उतारा गया। वहीं, दुनिया के सबसे बड़े जामनगर रिफाइनिंग परिसर में भी रूसी कच्चे तेल की आवक में मासिक आधार पर 14 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। निजी रिफाइनरियों के साथ-साथ सार्वजनिक क्षेत्र की सरकारी रिफाइनरी कंपनियों ने भी इस वर्ष की शुरुआत में आयात दोबारा शुरू करने के बाद अपनी खरीद तेजी से बढ़ाई है। नवंबर 2025 के अंत में रूसी तेल आयात रोकने वाली न्यू मैंगलोर और विशाखापत्तनम रिफाइनरी ने मार्च से दोबारा खरीद शुरू की थी। मई में न्यू मैंगलोर रिफाइनरी में रूसी तेल की आपूर्ति मासिक आधार पर 13 प्रतिशत बढ़ी, जबकि विशाखापत्तनम रिफाइनरी में इसमें 42 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, ओडिशा स्थित पारादीप रिफाइनरी में भी पिछले दो साल में रूसी कच्चे तेल की सर्वाधिक मात्रा उतारी गई है। यह स्पष्ट रूप से संकेत देता है कि तमाम भू-राजनीतिक और प्रतिबंध संबंधी अंतरराष्ट्रीय दबावों के बावजूद, रियायती दरों पर उपलब्ध रूसी तेल भारतीय रिफाइनरी इकाइयों के लिए लगातार आकर्षक और फायदेमंद बना हुआ है। वीरेंद्र/ईएमएस/14जून2026