कोटा से होगी शुरुआत, प्रयागराज, पटना और दिल्ली में राहुल करेंगे संवाद नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नीट-यूजी और कई अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक मामले को लेकर छात्र सम्मेलन करेंगे। इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी वह इस तरह के सम्मेलनों के जरिए राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि इन छात्र सम्मेलनों के जरिए नीट के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क खत्म करने, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। कांग्रेस ने 8 जून को अपने महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक में फैसला किया था कि नीट मामले, चुनावों से पहले सीट चोरी किए जाने, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा। वेणुगोपाल ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के सशक्त नेतृत्व में कांग्रेस ने खास अभियान छेड़ने की तैयारी की है। उन्होंने पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, बेरोजगारी और मोदी सरकार की ओर से भारत के युवाओं के साथ किए जा रहे सुनियोजित विश्वासघात के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी अभियान के पहले फेज का ऐलान भी किया है। वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के बड़े सम्मेलन करेंगे, जिसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी। फिर 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी सम्मेलन आयोजित होंगे उनके मुताबिक इन सम्मेलनों में छात्र, परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा, युवा संगठन, शिक्षक और परीक्षा घोटालों से सीधे प्रभावित, सभी लोग शामिल होंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस सम्मेलन में उन लाखों युवा भारतीयों की मुश्किलों को सामने लाया जाएगा जिनका भविष्य पेपर लीक, परीक्षा की बढ़ती लागत और निष्पक्ष, पारदर्शी भर्ती और शिक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता के कारण बार-बार खतरे में पड़ रहा है। वेणुगोपाल ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत, पार्टी देशभर में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और स्थानीय यूनिट के जरिए बड़े पैमाने पर छात्रों तक पहुंचने और उन्हें एकजुट करने के राहुल गांधी के आह्वान को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने आगे कहा कि लोगों के बीच मौजूदगी और डिजिटल माध्यम, कैंपस में संपर्क, कोचिंग सेंटरों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और युवा केंद्रों पर बातचीत, सोशल मीडिया अभियान, लाइव स्क्रीनिंग और छात्रों के साथ सीधे संवाद जैसे कार्यक्रम बड़े पैमाने पर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मानना है युवा भारतीयों की उम्मीदों की बलि भ्रष्टाचार, अक्षमता या राजनीतिक उदासीनता की भेंट नहीं चढ़नी चाहिए। कांग्रेस ने की सरकार से मांग कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी सोच के साथ, यह आंदोलन छात्रों को राजनीतिक जुड़ाव से ऊपर उठकर एकजुट करेगा और प्रभावित युवाओं को अपने अनुभव साझा करने तथा बार-बार परीक्षा में विफलता और पेपर लीक घोटालों के लिए जवाबदेही की मांग करने का मंच प्रदान करेगा। वेणुगोपाल ने कहा कि यह आंदोलन विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से पहले उठाई गई मांगों को सड़कों पर ले जाएगा। इन मांगों में नीट का विकेंद्रीकरण, परीक्षा फीस खत्म करना, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सरकार के उच्चतम स्तर पर जवाबदेही की मांगें शामिल हैं। सिराज/ईएमएस 14जून26