14-Jun-2026
...


- वीडियो देखने, लाइक और पोस्ट करने पर दिया जाता है पैसा कमाने का लालच - सायबर सेल की एडवायजरी, अनजान लिंक, मैसेज पर भरोसा न करें भोपाल(ईएमएस)। इन दिनो सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग, आमजन के शौक और आवश्यकता को देखते हुए सायबर ठगोरे लगातार नये-नये पैतरें अपना कर सायबर ठगी की वारदातो को अंजाम दे रहे है। इसी कड़ी में जालसाज ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिये “वॉच एंड अर्न” के रुप में एक और साइबर स्कैम का उपयोग कर रहे है। जिसमें लोगों को आसान पैसे कमाने का लालच दिया जाता है। इसमें धोखेबाज व्हाट्सएप या टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग ऐप्स पर मैसेज भेजते हैं, और कहते हैं कि सिर्फ वीडियो देखने, लाइक करने या किसी ऐप/पोस्ट को रेट करने से आप रोजाना हजारों रुपये कमा सकते हैं। ”वॉच एंड अर्न” के नाम पर ठगी की शिकायतें सामने आने पर ऐसे फ्रॉड से बचने के लिये साइबर क्राइम, पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा एडवायजरी जारी की गई है। - इस तरह फंसाते है जाल में जारी एडवाइजरी में बताया गया है की ठगो द्वारा व्हाट्सएप, टेलीग्राम पर मैसेज भेजकर वीडियो देखने, लाइक करने या ऐप रेटिंग करने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया जाता है। शुरुआत में 50 या 200 रुपये या कभी-कभी 10 हजार तक की रकम भेजकर पहले भरोसा दिलाया जाता है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस या बड़े टास्क के लिए 5 हजार से लेकर लाखों रुपये तक जमा करने को कहा जाता है। फरियादी के पैसे जमा करने के बाद धोखेबाज गायब हो जाते हैं, और आपका पैसा वापस नहीं मिलता। - बचने के लिये यह रखे सावधानियां ”वॉच एंड अर्न” सायबर स्कैम से बचने के लिये किसी भी अनजान लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। और अज्ञात स्रोत से मिली एपीके फाइल कभी डाउनलोड न करें। याद रखें ऑनलाइन काम के लिए पहले से पैसे जमा कराने की मांग हमेशा धोखाधड़ी होती है। ऐसे मैसेज को तुरंत ब्लॉक और रिपोर्ट करें ओटीपी, बैंक डिटेल, यूपीआई पिन या पासवर्ड किसी भी कॉल या मैसेज पर शेयर न करें। केवल विश्वसनीय और आधिकारिक प्लेटफॉर्मों पर ही काम करें। संदिग्ध संदेश मिलने पर स्क्रीनशॉट लेकर सबूत सुरक्षित रखें। मोबाइल में केवल भरोसेमंद ऐप ही इंस्टॉल करें और उन्हें हमेशा प्ले स्टोर या एप स्टोर से ही डाउनलोड करें। - यदि आप शिकार हो जाएं यह करें यदि आप किसी भूल या गलती के कारण जालसाजो के जाल में फंस जायें तो घबरायें नहीं फौरन ही इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज करायें। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है की अपनी निजी जीवन से जुडे कई मामलो में साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें। आपकी सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी तरह की सायबर काईम संबंधित घटना होने पर इसकी सूचना भोपाल सायबर क्राइम के हेल्पलाइन नम्बर 9479990636 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाईन नंबर 1930 पर दें। जुनेद / 14 जून