क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। मां व अन्य परिजनों के साथ नीलम पार्क घूमने गए 15 साल के किशोर की छोटे तालाब में डूबने से मौत हो गई। शनिवार दोपहर किशोर पार्क से लगे छोटे तालाब में हाथ धो रहा था। उसी दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। परिजनों का कहना है, कि उसे तैरना नहीं आता था। पुलिस के अनुसार जोगीपुरा बरखेड़ी जहांगीराबाद में रहने वाला अनस कुरैशी पुत्र सोहेल कुरैशी मुखबधिर था। शनिवार दोपहर के समय उसने मॉ से पार्क घूमने की जिद की। इसक बाद मां व अन्य परिजनों के साथ नीलम पार्क घूमने गया था। वहां पार्क से लगे छोटे तालाब में किनारे पर पानी में उतर कर हाथ धोने लगा। तालाब किनारे फिसलन होने से वह अचानक स्लिप होकर गहरे पानी में जा गिरा। युवक की मां व अन्य परिजनों ने बेटे को डूबता देख शोर मचाया, लेकिन जब-तक लोग मौके पर मदद के लिए पहुंचते, अनस गहरे पानी में समा चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला। उस समय तक अनस की सांसें चल रही थीं। परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालो को सौपं दिया है। जुनेद / 14 जून