फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद के टूण्डला थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के घर हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दिल्ली के एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को एचएफ मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर महफूज आलम ने थाना टूण्डला में तहरीर दी थी कि उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना टूण्डला पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने वांछित अभियुक्त शिवम प्रताप उर्फ सनी पुत्र समरपाल को बन्ना रोड पर टावर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से मदनपुर थाना मदनपुर, जिला फर्रुखाबाद का निवासी है और फिलहाल जे0जे0 कॉलोनी थाना भलस्वा डेयरी, दिल्ली में रह रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी का माल बेचकर प्राप्त किए गए 1,01,210 रुपये, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार नंबर DL 1 ZD 0903, एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। अवैध असलहा बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना टूण्डला पर मुकदमा संख्या 286/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। - ईएमएस फिरोजाबाद