-सरकार ने शुरू की योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया -सितंबर तक 24 देशों में राजदूतों की नियुक्ति की तैयारी काठमांडू,(ईएमएस)। नेपाल की सरकार ने कूटनीतिक नियुक्तियों में पारदर्शिता और योग्यता आधारित चयन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने विभिन्न देशों में राजदूत पदों के लिए योग्य नागरिकों से सीधे आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पहल को देश की विदेश सेवा व्यवस्था में बड़े सुधार के रूप में देखा जा रहा है। नेपाल के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा करना होगा। सरकार ने चयन प्रक्रिया, योग्यता और आवेदन संबंधी शर्तों का विस्तृत दस्तावेज भी जारी किया है। कौन कर सकता है आवेदन? राजदूत पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का नेपाली नागरिक होना अनिवार्य है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है, जबकि स्नातकोत्तर डिग्री धारकों को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्मीदवार की आयु कम से कम 35 वर्ष होनी चाहिए तथा उसके खिलाफ कोई गंभीर आपराधिक मामला या सजा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक के पास किसी विदेशी भाषा का ज्ञान होना आवश्यक है। उम्मीदवारों को आवेदन में यह भी बताना होगा कि वे राजदूत पद के लिए स्वयं को क्यों उपयुक्त मानते हैं और चयनित होने पर नेपाल के राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी क्या रणनीति होगी। विशेषज्ञता रखने वालों को मिलेगा लाभ सरकार ने स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति विज्ञान, कानून, अर्थशास्त्र और लोक प्रशासन जैसे विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों को विशेष महत्व दिया जाएगा। विदेश नीति से जुड़े शोध, पुस्तक लेखन, अकादमिक लेखन या अन्य बौद्धिक योगदान रखने वाले आवेदकों को भी चयन प्रक्रिया में अतिरिक्त अंक मिल सकते हैं। अच्छी अंग्रेजी, प्रभावी संवाद क्षमता, वार्ता एवं समझौता कौशल, व्यापार और निवेश संबंधी अनुभव भी महत्वपूर्ण मानदंडों में शामिल हैं। साथ ही यूनाइटेड नेशन, सार्क और बिम्स्टेक जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की जानकारी रखने वाले उम्मीदवारों को भी लाभ मिलेगा। 24 देशों में नियुक्तियां वर्तमान में नेपाल के 17 राजदूत पद रिक्त हैं, जबकि अगस्त तक सात और पद खाली होने वाले हैं। इस प्रकार सितंबर तक कुल 24 देशों में नए राजदूतों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें भारत, चीन, यूएस, यूके, ऑस्ट्रेलिया, इजराइल, साउथ कोरिया, सऊदी अरब, ओमान, मलेशिया और बांग्लादेश जैसे महत्वपूर्ण देशों में तैनातियां शामिल हैं। नेपाल सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य राजदूतों की नियुक्ति को केवल राजनीतिक सिफारिशों तक सीमित रखने के बजाय योग्य और अनुभवी नागरिकों के लिए खोलना है। इस निर्णय की नेपाल में व्यापक सराहना हो रही है और इसे लोकतांत्रिक तथा पेशेवर प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 14जून26