क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


एक की मौत, एक गंभीर घायल; बाइक सवार दोनों युवक सुअर से टकराए थे मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दरअसल, सुअर से टकराकर दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरे पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। मामला पिंडरई चौकी के तुमेगांव घाट और भैंसवाही के बीच का है। घटना में सुअर की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार सोहेब मंसूरी (15) और अमन मंसूरी (19) तुमेगांव घाट और भैंसवाही के बीच से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए एक सुअर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इसी बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर पड़े दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छिन्दा थाना केवलारी निवासी सोहेब मंसूरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छिन्दा थाना केवलारी निवासी अमन मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पिंडरई चौकी प्रभारी राजकुमार हिरकने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पिंडरई चौकी प्रभारी राजकुमार हिरकने ने बताया कि घटना के बाद कार को जब्त कर थाने लाया गया है। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/मोहने/ 14 जून 2026