क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस)! अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री शक्तिपीठ, सेठानी घाट नर्मदापुरम में जिला स्तरीय “जनशताब्दी अनुयाज संकल्प” प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गायत्री मंत्र के साथ किया गया। मुख्य वक्ता श्री रामचंद्र गायकवाड ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं के आदर्श आचरण, संस्थानों की सुदृढ़ व्यवस्था एवं प्रभावी कार्यक्रमों पर निर्भर करती है। उन्होंने जन्मशताब्दी वर्ष के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उपजोन समन्वयक श्री रघुनाथ प्रसाद हजारे ने जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत संचालित अभियानों की समीक्षा करते हुए अब तक की उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण गतिविधियों को और अधिक गति देने पर बल दिया। भोपाल जोन शक्ति पीठ श्री आर.के. गुप्ता ने गायत्री शक्तिपीठ ट्रस्ट एवं संगठन के आर्थिक एवं प्रशासनिक अनुशासन पर विस्तृत जानकारी दी। श्रीमती आशा पाठक ने नारी जागरण विषय पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं शरद वर्मा ने स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित स्वरोजगार एवं किसानों की आय वृद्धि के उपायों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में विभिन्न अभियान प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। पर्यावरण एवं जल संरक्षण अभियान प्रभारी ओमप्रकाश गौर ने वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि नशा मुक्ति अभियान प्रभारी यू.के. सिंह ने “नशा छोड़ो भारत” अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। शिक्षा आंदोलन एवं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा प्रभारी चंद्रमोहन गौर ने परीक्षा के विस्तार की योजना साझा की। युवा जोड़ो अभियान प्रभारी बृजेश पटेल ने युवाओं को मिशन से जोड़ने के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। कमल किशोर पाटीदार ने बाल संस्कारशालाओं एवं कन्या कौशल कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रतिभा साहू एवं संध्या मांगरोल ने “आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी” अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। नर्मदापुरम, सिवनी मालवा, बनखेड़ी एवं सुहागपुर क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। आयुष सोनी ने वेब स्वाध्याय अभियान के माध्यम से गुरुदेव के साहित्य को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी साझा की। कार्यशाला का संचालन जिला समन्वयक अनुराग मिश्रा ने किया। अंत में उपजोन सह-समन्वयक सुरेश कोरड़े ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में मध्य प्रदेश जोन सह-समन्वयक रामचंद्र गायकवाड, मध्य प्रदेश शक्तिपीठ प्रकोष्ठ प्रभारी आर.के. गुप्ता, भोपाल उपजोन समन्वयक रघुनाथ प्रसाद हजारे, उपजोन सह-समन्वयक सुरेश कोड़े, श्रीमती आशा पाठक, श्याम शर्मा सहित ओ पी गौर यूके सिंह चंद्र मोहन गौर सुरेश चंद सराठे शिवकुमार विश्वकर्मा तुलसीराम बावरिया संतोष यादव संध्या केशव मांगरोल अनीता जाट सोनू राजपूत कृष्ण कुमार उपाध्याय रामकुमार गौर राम मोहन परसाई लखन पटेल राजेश चौरे घनश्याम यादव ज्योति बड़ोदिया इटारसी से हेमंत गौर मनमोहन रघुवंशी रामविलास मालवीय सिवनी मालवा से अनंत श्रीवास्तव माखन नगर प्रतिभा साहू मेघराज पटेल बनखेड़ीजिले एवं उपजोन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की शांति पाठ के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। ईएमएस/मोहने/ 14 जून 2026