संबोधित करते अतिथि। शाजापुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी का शाजापुर दौरा चर्चाओं में रहा। जिला कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं का ऐसा उत्साह देखने को मिला कि मना करने के बावजूद उन पर फूलों की बारिश होती रही। हालांकि, जब बात प्रदेश की राजनीति और हालिया विवादों की आई, तो डॉ. सिंह ने सीधे जवाब देने के बजाय केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर फोकस करना ही बेहतर समझा। रविवार दोपहर 1 बजे डॉ. महेंद्र सिंह के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, स्थानीय विधायक अरुण भीमावद व घनश्याम चंद्रवंशी और जिलाध्यक्ष रवि पांडे सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। मंच से उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य सौंपा। सवालों पर खामोशी और मोदी सरकार का जिक्र कार्यक्रम के दौरान जब मीडिया ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का नामांकन निरस्त होने और नीट परीक्षा से जुड़े तीखे सवाल किए, तो डॉ. महेंद्र सिंह ने संभलकर जवाब दिया। उन्होंने किसी विवाद में पड़ने के बजाय कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने भाजपा की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के मुकाबले आज भाजपा 22 राज्यों में अपने दम पर या सहयोगियों के साथ सत्ता में है, जो जनता के भरोसे का प्रमाण है। लस्सी की होड़ ने खींचा ध्यान राजनीतिक चर्चा के बाद कार्यक्रम का समापन नाश्ते के साथ हुआ, लेकिन वहां का नजारा थोड़ा अलग था। कचौरी और लस्सी का लुत्फ उठाने के लिए कार्यकर्ताओं में ऐसी जल्दबाजी दिखी कि लस्सी वितरण स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। पहले लस्सी लेने की होड़ में कार्यकर्ताओं का जोश, कार्यक्रम की औपचारिकताओं पर भारी पड़ता नजर आया। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 26 जून 2026