क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


- सतपुड़ा की रानी में मानसून के बीच खेल, पर्यटन और रोमांच का अनूठा संगम - 26 जुलाई को होगी पचमढ़ी मानसून मैराथन नर्मदापुरम (ईएमएस)। नर्मदापुरम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल पचमढ़ी में आगामी 26 जुलाई को आयोजित होने वाली आठवीं पचमढ़ी मानसून मैराथन खेल, पर्यटन और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन एवं एडवेंचर्स एंड यू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मैराथन सतपुड़ा की हरी-भरी वादियों, घने जंगलों, झरनों और बादलों से घिरे प्राकृतिक परिवेश के बीच प्रतिभागियों को एक यादगार अनुभव प्रदान करेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने बताया कि पचमढ़ी प्रकृति की अनुपम देन है और जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सहयोग से आयोजित यह मैराथन देशभर के धावकों और पर्यटकों को पचमढ़ी से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। प्रशासन द्वारा प्रतिभागियों की सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेस डायरेक्टर श्री मितेश राम्भिया के अनुसार इस वर्ष नागपुर के 500 से अधिक धावक मैराथन में भाग लेने पहुंचेंगे। विश्वस्तरीय मानकों पर आयोजित इस प्रतियोगिता को वर्ल्ड एथलेटिक्स तथा एआईएमएस (एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेस) से प्रमाणित किया गया है। प्रतियोगिता 5, 10, 21 और 42 किलोमीटर की चार श्रेणियों में आयोजित होगी। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने भी मैराथन के लिए पंजीयन कराया है। मुंबई के दिव्यांग धावक निरंजन जाधव, जिन्होंने एक दुर्घटना में अपने दोनों पैर गंवा दिए थे, 21 किलोमीटर की दौड़ में भाग लेकर प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। पचमढ़ी की सीमित आवास क्षमता को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष केवल 1500 प्रतिभागियों के लिए पंजीयन निर्धारित किया गया है। अब तक 1000 से अधिक धावक अपना पंजीयन करा चुके हैं। प्रतिभागियों को टाइमिंग चिप, प्रमाणपत्र, टी-शर्ट, फिनिशर मेडल, रिफ्रेशमेंट तथा संपूर्ण रूट सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न आयु वर्गों में पुरुष एवं महिला श्रेणी के शीर्ष तीन विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। ऐसे आयोजन पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा देते हैं। मैराथन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की गई है। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 14 जून 2026