क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


साजिश रचकर उतारा मौत के घाट, सबूत मिटाने की भी कोशिश 48 घंटे में बैहर पुलिस ने किया खुलासा बालाघाट (ईएमएस). जिले के बैहर थाना क्षेत्र में महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। मामले में मुख्य आरोपी के साथ उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णा शिवालिया उर्फ गणेश (28 वर्ष) सहित उसके पिता बुधराम शिवालिया और भाई बलराम शिवालिया (35 वर्ष) निवासी ग्राम कोहका, को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। थाना बैहर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 मोदी नगर में हुई महिला हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई इस वारदात में मुख्य आरोपी के साथ उसके पिता और भाई की भी संलिप्तता सामने आई है। जानकारी के अनुसार, 12 जून को प्रार्थी सालिकराम धुर्वे ने सूचना दी कि उसकी बहन सविता धुर्वे (35 वर्ष) का शव उसके निर्माणाधीन कच्चे मकान में खून से सना हुआ पड़ा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी बैहर अरविंद शाह, थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले सहित एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू की। पिता और भाई के साथ दिया घटना को अंजाम पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर संदेही कृष्णा शिवालिया उर्फ गणेश के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार कटर, मोबाइल फोन सहित अहम साक्ष्य बरामद किए गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने पिता बुधराम और भाई बलराम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। घटना के बाद दोनों ने आरोपी को फरार होने में मदद की और खून से सने कपड़ों को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। मृतिका ने विवाह के लिए बनाया था दबाव पूछताछ में सामने आया कि मृतका और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, जो बाद में विवाद में बदल गए। मृतका द्वारा विवाह और बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर दबाव बनाए जाने से आरोपी मानसिक रूप से परेशान था। इसी कारण उसका अन्य विवाह प्रस्ताव भी टूट गया था। इसी रंजिश ने हत्या की साजिश को जन्म दिया, जिसे परिवार के सहयोग से अंजाम दिया गया। भानेश साकुरे / 14 जून 2026