बालाघाट (ईएमएस). बैहर एसडीएम अर्पित गुप्ता (आईएएस) ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय स्थित वार्ड क्रमांक-1 सिंगबाग (बैगाटोला) में निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर एवं उसके आसपास बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फिल्टर प्लांट के समीप रेत का डंप मिला। क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण करने पर आसपास के स्थानों पर भी रेत के कई अन्य डंप पाए गए। निर्माण स्थल एवं उसके आसपास अत्यधिक मात्रा में रेत का भंडारण मिलने पर एसडीएम गुप्ता ने तहसीलदार बैहर को पूरे मामले की तत्काल जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देशों के पालन में राजस्व विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से भंडारित रेत के संबंध में जांच की। टीम द्वारा मौके पर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण करने के साथ ही अवैध भंडारण पाए जाने पर रेत का जप्तिनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच जारी है तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता द्वारा किए गए इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है। प्रशासन ने आमजन से भी अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। भानेश साकुरे / 14 जून 2026