नालियों एवं नालों की व्यापक सफाई कर जलभराव की समस्या रोकने निगम के प्रयास जारी कटनी (ईएमएस) । आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं जल निकासी तंत्र को सुचारू रखने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में नालियों, नालों एवं जल निकासी मार्गों की व्यापक सफाई कर संभावित जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। निगम के स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार शासकीय अवकाश के दिवस भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 1 सरला नगर, वार्ड क्रमांक 2 दुर्गा माता मंदिर के पीछे, वार्ड क्रमांक 6 बाबली टोला बस्ती, वार्ड क्रमांक 9 गौर गली, वार्ड क्रमांक 11 राधा स्वामी भवन के पास, वार्ड क्रमांक 12 बच्चन नायक गली की नालियों के अपशिष्ट एवं सिल्ट की सफाई की गई। वहीं कवास जी वार्ड में कृष्ण मंदिर से नैन्सी स्कूल तक, रिंकू जनरल स्टोर से डॉ. डी. शंकर तक, वार्ड क्रमांक 22 गोल बाजार, वार्ड क्रमांक 23 झंडा बाजार स्थित जैन मंदिर के सामने, वार्ड क्रमांक 33 मंगल नगर पुलिया, वार्ड क्रमांक 39 चावला गली, वार्ड क्रमांक 41 समदड़िया कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 45 अमीरगंज बस्ती, फारेस्टर वार्ड एवं शिवाजी वार्ड सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों से गाद, कचरा एवं अवरोधक सामग्री हटाई गई। इसके अतिरिक्त कुठला हनुमान मंदिर के पीछे स्थित नाले के ऊपर जमा मलवा एवं मुरुम को हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं दुगाड़ी नाले के समीप जेसीबी मशीन की सहायता से नाले में जमा मलबे की सफाई कर जल प्रवाह को सुचारू बनाया गया। नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य वर्षा के दौरान जल निकासी को बाधारहित बनाए रखना, जलभराव की समस्या को न्यूनतम करना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों में कचरा न फेंकें तथा स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त शहर के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।