केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को मिलेगा लाभ कटनी (ईएमएस) । केंद्र एवं प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पात्र एवं वंचित नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 15, 16 एवं 18 जून 2026 को नगर निगम कार्यालय परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित होंगे। शिविरों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति भी रहेगी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शिविरों के सफल संचालन हेतु उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी नियुक्त करते हुए निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कर शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त सुश्री परिहार ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, वाटरप्रूफ टेंट, साउंड सिस्टम, कूलर-पंखे, पार्किंग तथा अग्निशमन सुरक्षा सहित सभी मूलभूत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की समुचित बैठक व्यवस्था तथा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया है। मैदानी अमले को पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शिविर स्थल तक लाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। निगम की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का मिलेगा लाभ जनकल्याण शिविरों में नागरिकों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाएं, समग्र ई-केवाईसी, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, श्रमिक पंजीयन सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा अविवादित संपत्तियों के नामांतरण एवं हस्तांतरण, नो-ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने, नवीन नल एवं सीवर कनेक्शन, हैंडपंप एवं ट्यूबवेल सुधार, भवन अनुज्ञा, भवन पूर्णता प्रमाण पत्र, आवासीय भवन निर्माण स्वीकृति, विकास अनुज्ञा अवधि विस्तार तथा फायर एनओसी (अस्थायी एवं नवीनीकरण) संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रम विभाग के अंतर्गत भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं के तहत निर्माण श्रमिकों का पंजीयन तथा मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह सहायता संबंधी प्रकरणों का भी निराकरण किया जाएगा। ऑनलाइन दर्ज होंगे आवेदन, समयबद्ध होगा निराकरण शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी तथा आवश्यक प्रकरणों का निराकरण सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। वहीं, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी चिन्हित योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।