क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


मां गंगा और नर्मदा जल अस्थायी कुंडों में किया दीप दान, गुंजे जयकारे खरगोन (ईएमएस)। ग्रीन गोल्ड कॉलोनी स्थित बांके बिहारी मंदिर के निधिवन प्रांगण में रविवार को भक्ति की बयार बही। यहां अधिकमास के अवसर पर मंदिर समिति की ओर से जीवन तारीणी पवित्र नदी मां गंगा और नर्मदा जल से अस्थायी कुंडों का निर्माण कर दीपदान, नौका विहार मनोरथ जैसे धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्री बांके बिहारी और राधाजी के नौका विहार का मनोरम दृश्य देख, उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर खुशी का इजहार किया। इस आयोजन में कॉलोनिवासियों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हिस्सा लिया। मंदिर संस्थापक श्याम बड़ोले ने बताया कि अधिकमास में पिछले एक माह से मंदिर में रोजाना काकड़ आरती और संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसी के निमित्त अधिकमास समापन की पूर्व संध्या पर दीपदान का आयोजन किया गया। अस्थायी कुंडों में गंगा और नर्मदा के पवित्र जल का आह्वान कर प्रवाहित किया गया, जिससे यहां दीपदान करने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र नदियों में दीपदान के समान ही पुण्य लाभ प्राप्त हो सके। मंदिर समिति की संगीता बड़ोले ने बताया अधिकमास में दीपदान का विशेष महत्व है और इन कुंडों में किए गए दीपदान का पुण्यफल सीधे पवित्र नदियों में किए गए दीपदान के बराबर मिलने की कामना लिए दीपदान किए है। दीपदान के उपरांत शाम तक मंदिर परिसर में राधे रानी द्वारा नौका विहार मनोरथ का आयोजन किया गया। इस मनोहारी मनोरथ ने उपस्थित सभी भक्तों का ध्यान आकर्षित किया और वे भक्तिमय वातावरण में लीन हो गए। सोमवार सुबह ५.३० बजे काकड़ा आरती को विराम दिया जाएगा। इसके बाद पुरुषोत्तम मास समापन अवसर पर बांके बिहारी मंदिर महिला मंडल द्वारा एक भव्य फूल बंगला मनोरथ किया जाएगा, जिसमें कुण्डला भोग अर्पित किया जाएगा।