बिलकिसगंज/बरखेड़ी (सीहोर)। सीहोर जिले के बिलकिसगंज सीहोर (इ्रएमएस)। क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ी विद्युत केंद्र से जुड़े लगभग 25 गांवों में आंधी-तूफान के दौरान बार-बार विद्युत लाइन फाल्ट होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद रात के समय फाल्ट सुधार कार्य में देरी होती है, जिससे लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार चंदेरी, नई चंदेरी, पिपलिया, ताकीपुर, शेरपुर, भगवानपुर, बड़नगर, आलमपुरा, बरखेड़ी सहित आसपास के कई गांवों में शनिवार रात्रि को आए आंधी-तूफान के कारण विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया था। इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को दी गई, लेकिन सीमित स्टाफ और संसाधनों के कारण बिजली आपूर्ति बहाल होने में काफी समय लग गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन ड्यूटी पर केवल एक-दो लाइनमैन ही उपलब्ध रहते हैं। ऐसे में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ फाल्ट होने पर समय पर सुधार कार्य कर पाना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ती है। गर्मी के मौसम में बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी होती है, वहीं मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ग्रामीणों एवं किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के दौरान कुछ अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाया जाता, जिससे समस्या के समाधान में और अधिक देरी होती है। उन्होंने मांग की कि आंधी-तूफान या अन्य आपात स्थिति में रात्रि के समय अतिरिक्त लाइन स्टाफ, पिकअप वाहन तथा जिम्मेदार अधिकारियों की मौके पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बिलकिसगंज रोड स्थित नई चंदेरी में विद्युत ट्रांसफार्मर के समीप प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की कि बरखेड़ी सब स्टेशन क्षेत्र में लाइनमैनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा फाल्ट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करें शनिवार की रात्रि को लगभग 5 से 6 घंटे के भीतर ग्रामीणों के सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से रात्रि 8:00 बजे को फॉल्ट हुई बिजली लाइट को 3:00 बजे रात को सप्लाई चालू हुई है यदि मौके पर पूरी गांव की जनता सहयोग नहीं कर पाती तो एक अकेला लाइन में क्या काम कर पता है ग्रामीण जनता की मांग है कि तत्काल विद्युत कर्मचारियों को बढ़ाते हुए रात्रि के सामने आंधी तूफान में बिजली पथ पर शीघ्र समाधान करके बिजली आपूर्ति बहाल की जाना चाहिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ऊर्जा मंत्री, विद्युत मंडल के एमडी साहब प्रबंध निदेशक, प्रमुख अभियंता एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएं, ताकि आंधी-तूफान के दौरान होने वाले फाल्ट का शीघ्र निराकरण हो सके और आमजन को राहत मिल सके। प्रदर्शन में गोपाल सिंह मेवाड़ा, मांगीलाल मेवाड़ा, शंकरलाल मेवाड़ा, तुलसीराम मेवाड़ा, पूर्व मंडी अध्यक्ष हीरालाल, करण सिंह, उमराव सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे। ईएमएस/ विमल जैन / 14 जून 2026