30 से अधिक वृद्धजनों का किया जाएगा सम्मान सीहोर (इ्रएमएस)। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सीहोर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ वृद्धजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस के अवसर पर 14 एवं 15 जून को सैकड़ा खेड़ी वृद्ध आश्रम, सीहोर में दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सीहोर कलेक्टर बालागुरु के के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सीहोर के तत्वाधान में दो दिवसीय आयोजन संकल्प वृद्धाश्रम केन्द्र के सहयोग से किया जा रहा है। इसके पहले दिन वृद्धाश्रम में संगोष्ठी का आयोजन किया गया था, वहीं सोमवार को सुबह 11 बजे वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती अरुणा सुदेश राय के मुख्य आतिथ्य में भव्य रूप से कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से उप संचालक महेश यादव सहित समाजसेवी और वृद्धजन मौजूद रहेंगे। रविवार को दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन केन्द्र के संचालक राहुल सिंह, संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा, सनातन सेना के प्रदेश सचिव पवन केवट आदि ने संबोधित करते हुए कहाकि वरिष्ठ नागरिक केवल हमारे परिवार के सदस्य नहीं हैं, बल्कि वे अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना केवल नैतिक कर्तव्य ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सभ्यता की पहचान भी है। हमें यह समझना होगा कि जिस प्रकार उन्होंने हमारे बचपन में हमारा हाथ थामा था, उसी प्रकार वृद्धावस्था में उनका सहारा बनना हमारा दायित्व है। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा वृद्धजन दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 15 जून को प्रात: 11:00 बजे आयोजित समापन समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि वही सोमवार को समापन के मौके पर शहर के वरिष्ठ समाजसेवियों, पेंशनधारी संगठन के अलावा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों के सहयोग से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वरिष्ठ वृद्धजनों के अधिकारों, गरिमा, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति जन जागरूकता बढाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 15 जून को दिवय मनाया जाता है। इस साल भी यहां पर उक्त आयोजन किया जाएगा।