राज्य
15-Jun-2026


- ट्रेन छूटने के बाद फंसी असम की युवती, मदद का झांसा देकर फ्लैट में बुलाया - युवती ने दिखाया साहस, शोर मचाकर खुद को बचाया, एक आरोपी को हिरासत में - कमरे से मिली शराब की बोतलें, सदमे में पीड़िता धनबाद (ईएमएस)। झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ असम की रहने वाली एक युवती को मदद का झांसा देकर एक सोसाइटी के फ्लैट में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। युवती की सूझबूझ और शोर मचाने के कारण उसकी जान बच सकी। पुलिस ने इस मामले के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरा फरार है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी सहेलियों के साथ मुंबई जा रही थी, लेकिन धनबाद स्टेशन पर अचानक उसकी ट्रेन छूट गई। कोई और साधन न होने के कारण वह पिछले दो दिनों से स्टेशन के आस-पास ही आश्रय लिए हुए थी। इसी लाचारी का फायदा उठाते हुए स्टेशन के पास एक होटल में काम करने वाले राजू साव नाम के शख्स ने उससे मुलाकात की। राजू ने युवती को घरेलू काम दिलाने और मदद करने का भरोसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। मदद के बहाने राजू साव युवती को गोविंदपुर स्थित आपणो घर सोसाइटी के एक फ्लैट में ले गया। युवती का आरोप है कि उसे वहां साफ-सफाई के काम के लिए बुलाया गया था। लेकिन वहां पहुंचते ही फ्लैट मालिक अक्षय अग्रवाल ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। इस अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय युवती ने हिम्मत दिखाई और आरोपी का कड़ा विरोध किया। वह किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर फ्लैट से बाहर भागी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी के लोग और स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर मौजूद आरोपी राजू साव को दबोच लिया, जबकि उसका मुख्य साथी अक्षय अग्रवाल वहां से भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के फ्लैट की गहन तलाशी ली, जहां से पुलिस को शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने राजू साव को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है और फरार आरोपी अक्षय अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस खौफनाक अनुभव के बाद पीड़िता गहरे मानसिक और शारीरिक सदमे में है, जिसके कारण अभी उसका विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सका है। वारदात के दौरान युवती का मोबाइल फोन भी कहीं खो गया है, जिससे उसके परिजनों से संपर्क करने में पुलिस को परेशानी आ रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की काउंसिलिंग कराकर जल्द ही उसका आधिकारिक बयान दर्ज किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रामयश / ईएमएस 15 जून 2026