अंतर्राष्ट्रीय
15-Jun-2026
...


ढाका ने मांगी जानकारी, गुस्से में श्रीलंका गए, भारत नहीं आने का किया फैसला ढाका,(ईएमएस)। बांग्लादेश सरकार ने दिल्ली एयरपोर्ट पर पीएम तारिक रहमान के सलाहकार ज़ाहिद उर रहमान के साथ हुए दुर्व्‍यवहार की जानकारी मांगी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरकार उस घटना के बारे में विवरण मांग रही है जिसमें नीति और रणनीति पर पीएक के सलाहकार जाहिद उर रहमान को भारतीय आव्रजन अधिकारियों ने दिल्ली में एंट्री देने से मना कर दिया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि घटना की परिस्थितियां पूरी तरह से स्थापित होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। रिपोर्ट में बांग्लादेशी के सरकारी सूत्रों ने सोमवार को इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि डिप्लोमेटिक चैनलों के जरिए तारिक रहमान के सूचना सलाहकार ज़ाहिद उर रहमान की दिल्ली यात्रा को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय को जानकारी दे दी गई थी बावजूद इसके दिल्ली एयरपोर्ट पर भारतीय आव्रजन अधिकारियों ने जाहिद उर रहमान को दिल्ली में प्रवेश करने से रोका। बांग्लादेशी राजनयिक सूत्रों ने इसके पीछे रहस्यमय कारण बताया है। भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से इस घटना को लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों के बाद तारिक रहमान के सलाहकार ज़ाहिद उर रहमान को इजाजत दे दी गई थी लेकिन उन्होंने रोके जाने को दिल से लगा लिया और भारत नहीं आने का फैसला किया है। इसके बाद वह कोलंबो चले गए और वहां से बांग्लादेश जाएंगे। ढाका और दिल्ली दोनों में राजनयिक सूत्रों ने इस डेवलपमेंट की पुष्टि की है। ज़ाहिद उर रहमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोकने की कोई वजह फिलहाल समझ नहीं आ रही है। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त एम रियाज़ हमीदुल्लाह ने तारिक रहमान के सलाहकार की यात्रा के संबंध में भारत के विदेश मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से टेलीफोन पर बात की थी। ढाका में कई वरिष्ठ अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई घटना को रहस्यमय बताया क्योंकि बांग्लादेश सरकार के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि की यात्रा के बारे में आधिकारिक पत्राचार और सीधी बातचीत दोनों के जरिए पहले ही सूचना दे दी गई थी। ज़ाहिद उर रहमान रविवार शाम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे ताकि वे आईओआरए के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में शामिल हो सकें जो सोमवार को दिल्ली में हो रही है। उन्हें इस बैठक में बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना था। सिराज/ईएमएस 15जून26