अंतर्राष्ट्रीय
15-Jun-2026


कीव (ईएमएस)। सोमवार को रूस ने यूक्रेन पर भीषण हमले किए, जिसमें करीब 5 बचावकर्मियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको के अनुसार, खार्किव में बचावकर्मी पहले हमले के बाद लगी आग बुझा रहे थे, तभी रूस ने दूसरा हमला कर दिया, जिसमें 5 लोगों की जान चली गई। वहीं, राजधानी कीव भी रूसी हमलों से दहल उठी। यहाँ बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से कई जोरदार धमाके हुए, जिससे लोगों को बंकरों और सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ी। कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी में 13 लोग घायल हुए हैं। शैवचेंकिव्स्की जिले में 30 मिनट के भीतर हुए 5 हमलों में 25 अपार्टमेंट, एक बाजार और कई किराना स्टोर में आग लग गई। तकाचेंको ने आरोप लगाया कि रूस ने जानबूझकर रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया। इन हमलों में यूक्रेन का प्रमुख धार्मिक स्थल और यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल कीव-पेचेर्स्क लावरा भी अछूता नहीं रहा, जहाँ इसके डॉर्मिशन कैथेड्रल की छत में आग लग गई। आशीष दुबे / 15 जून 2026