अंतर्राष्ट्रीय
15-Jun-2026
...


एक महीने में 5वां एयरक्राफ्ट क्रैश, सैन्य विमानों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल इस्लामाबाद,(ईएमएस)। खैबर पख्तूनख्वा के मरदान जिले में रविवार को एक सैन्य प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा कटलंग रोड के पास जाबर नहर क्षेत्र में हुआ, जहां विमान गिरते ही आग लग गई। यह हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। विमान के क्रैश होने के बाद धुआं और आग की लपटें देखी गईं। फुटेज में नजर आ रहा है कि रोड पर गाड़ियां गुजर रही हैं। जब दो बाइक सवार गुजर रहे थे, तभी यह जेट सीधे आकर रोड पर गिरा और देखते ही रोड के बीच में आग की रेखा बन गई। विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राहत एवं बचाव दल और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं। पाकिस्तानी अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मौके पर लोग जमा हो गए। बाइक सवार लोगों पता नहीं है, लेकिन बाद में दोनों गाड़ियां सड़क पर ही पड़ी नजर आईं। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान के सैन्य विमानों की सुरक्षा पर पहले से सवाल उठ रहे हैं। पिछले एक महीने के भीतर यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। सबसे बड़ा झटका 10 जून को लगा था, जब पाकिस्तान आर्मी एविएशन का एमआई-17 हेलिकॉप्टर पीओके में टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में 22 सैन्यकर्मियों की मौत हुई थी। इससे पहले 20 मई को मियांवाली के पास पाकिस्तान एयर फोर्स का एफटी-7पीजी ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। एक दिन पहले 19 मई को कामरा के पास जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमान भी ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हो गया था। दोनों मामलों में पायलटों ने इजेक्ट कर जान बचा ली थी। जनवरी से जून 2026 के बीच पाकिस्तान को कम से कम पांच बड़े हवाई हादसे सामने आ चुके हैं। ज्यादातर मामलों में शुरुआती वजह तकनीकी खराबी बताई गई है, लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने पाकिस्तान के एयरक्राफ्ट्स के रखरखा की कमी को दिखाया है। सिराज/ईएमएस 15जून26