-ब्रिटेन के वैज्ञानिकों की नई तकनीक, गर्भ में पल रहे शिशु की सेहत का मिलेगा सटीक पता लंदन,(ईएमएस)। ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी नई और सुरक्षित तकनीक विकसित की है, जिसकी मदद से गर्भवती महिला के खून की जांच कर गर्भ में पल रहे शिशु में 2500 से अधिक आनुवंशिक (जेनेटिक) बीमारियों का पता लगाया जा सकेगा। इस तकनीक में मां के रक्त में मौजूद भ्रूण के डीएनए अंशों का विश्लेषण किया जाता है, जिससे बच्चे के जीन में मौजूद संभावित गड़बड़ियों की पहचान संभव होती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलित एम्नियोसेंटेसिस और सीवीएस जैसी जांचों की तुलना में अधिक सुरक्षित है, क्योंकि इसमें गर्भाशय से नमूना लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शुरुआती अध्ययनों में इसकी सटीकता 95 प्रतिशत से अधिक पाई गई है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तकनीक से माता-पिता और डॉक्टरों को समय रहते बेहतर उपचार एवं देखभाल की योजना बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि व्यापक उपयोग से पहले इस पर और शोध किया जाना बाकी है। नंदिनी परसाई/15 जून 2026