राज्य
15-Jun-2026
...


अलीगढ़ (ईएमएस)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्टेडियम में सैकड़ों की संख्या में योग साधक उपस्थित रहे और सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ एवं वृद्धावस्था के लिए योग’ पर आधारित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया और स्वस्थ जीवनशैली में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्री रविकरण आर्य द्वारा किया गया। योग प्रशिक्षक शिवा पाठक, प्रशांत माहेश्वरी, ज्योति राघव एवं मधु गुप्ता ने योग साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने सरल एवं प्रभावी भाषा में श्वास प्रक्रिया के महत्व को समझाते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर श्योराज सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश चंद्रा, जिला क्रीडा अधिकारी पूनमलता राज, सुशील शर्मा, कृष्ण वीर आर्य, ताराचंद, डा0 राजेश, डा0 अफजल, डा0 कपिल, डा0 सतीश, डीपीएम आदित्य, विभाग के फार्मासिस्ट सहित योग साधना केंद्र पतंजलि एवं नीमा से बड़ी संख्या में योग साधक, आयुष चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। योग सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़ने का अभियान भी प्रारंभ हो गया है। योग साधकों ने नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 15जून 2026