* क्रेडाई अहमदाबाद का बड़ा फैसला; 30 जून तक पुराने भाव पर बुकिंग का मौका, निर्माण सामग्री महंगी होने का हवाला अहमदाबाद में अपना आशियाना खरीदने का सपना देख रहे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। शहर में जल्द ही प्रॉपर्टी खरीदना और महंगा होने वाला है। क्रेडाई अहमदाबाद की महत्वपूर्ण बैठक में बिल्डरों ने आगामी 1 जुलाई से मकानों की कीमतों में 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। क्रेडाई द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बढ़ती आर्थिक चुनौतियों और निर्माण लागत में भारी इजाफे के कारण यह फैसला लिया गया है। कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग प्रोजेक्ट्स की स्थिति और निर्माण चरण के आधार पर लागू की जाएगी। बताया गया है कि जो हाउसिंग प्रोजेक्ट्स शुरुआती या प्रारंभिक चरण में हैं, उनमें सीधे 10 प्रतिशत तक कीमत बढ़ाई जाएगी। वहीं, जो प्रोजेक्ट्स जल्द ही पूर्ण होने वाले हैं, उनमें खरीदारों पर अपेक्षाकृत कम बोझ डालने के लिए लगभग 5 प्रतिशत तक मूल्य वृद्धि की जाएगी। क्रेडाई ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह मूल्य वृद्धि केवल “फेज-1” का हिस्सा है। भविष्य में परिस्थितियों के अनुसार कीमतों में और बढ़ोतरी भी की जा सकती है। हालांकि, घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत की बात यह है कि 30 जून तक मौजूदा दरों पर ही बुकिंग की जा सकेगी। आज आयोजित बैठक में अहमदाबाद के लगभग 400 बिल्डर सदस्यों ने भाग लिया। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों और बाजार में आए बदलावों के कारण निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतों में 20 से 60 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी हुई है। सीमेंट, स्टील और अन्य निर्माण सामग्री महंगी होने से बिल्डरों की लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रियल एस्टेट क्षेत्र को राहत देने और ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ कम करने के उद्देश्य से क्रेडाई ने गुजरात सरकार से स्टाम्प ड्यूटी में कमी करने की मांग भी की है। इसके लिए सरकार को लिखित प्रस्तुति सौंपी गई है। हालांकि, संगठन का मानना है कि सरकार की ओर से इस विषय पर तत्काल कोई निर्णय आने की संभावना फिलहाल कम है। ऐसे में अहमदाबाद में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए 30 जून तक पुराने दामों पर बुकिंग कराने का यह आखिरी सुनहरा अवसर माना जा रहा है। सतीश/15 जून