क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


-परिजनों ने पति पर लगाया तेजाब डालकर हत्या करने का आरोप - पोस्टमार्टम जांच से हो सकता है खुलासा पलामू (ईएमएस)। मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान में देर शाम एक महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय नूरीसबा के रूप में हुई है, जो बीते 8 जून से रहस्यमय ढंग से लापता थी। कब्रिस्तान में शव होने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, नूरीसबा के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की थी, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थक-हारकर परिजनों ने 11 जून को मोहम्मदगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट (सनहा) दर्ज कराई थी। सोमवार शाम जब कुछ लोगों ने कब्रिस्तान के पास शव देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और ग्रामीणों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांशु शुक्ला ने भी घटनास्थल का दौरा कर बारीकी से निरीक्षण किया और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इधर, मृतका के परिजनों ने नूरीसबा की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि नूरीसबा के पति मुजाहिद शेख (निवासी- घुरुआ गांव, मंझिआंव) ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसे लेकर विवाद था। परिजनों ने दावा किया कि महिला के शरीर पर कई संदिग्ध निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उस पर तेजाब डालकर बेरहमी से उसकी हत्या की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह और हत्या के तरीकों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच (फॉरेन्सिक इनवेस्टिगेशन) के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ऑनर किलिंग, घरेलू विवाद और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है। इस घटना के बाद से रसूलपुर गांव और आसपास के इलाकों में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026