क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


- वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही प्रेमिका - प्रेम प्रसंग के चलते आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका धनबाद (ईएमएस)। दक्षिण-पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत महुदा-भोजुडीह रेलखंड पर एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के सामने आकर जान देने की कोशिश की। बारकी पुल के समीप हुई इस दर्दनाक घटना में 21 वर्षीय युवक श्रीकांत देशवाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 19 वर्षीय प्रेमिका सरस्वती कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब महुदा से भोजुडीह की ओर जा रहे एक लाइट इंजन के लोको पायलट ने दोनों को रेलवे ट्रैक पर लहूलुहान हालत में देखा। इसकी सूचना तुरंत रेलवे पुलिस और स्थानीय थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से मिले पहचान पत्रों के आधार पर मृतक की पहचान बोकारो जिले के डूमरदाहा निवासी रथु देशवाली के पुत्र श्रीकांत देशवाली के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवती की पहचान धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटालडीह ब्राह्मणडीहा निवासी दीपन रजवार की पुत्री सरस्वती कुमारी के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत अस्पताल और मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से जहां परिवार बिखर गया है, वहीं युवती के परिजन उसकी नाजुक हालत देखकर गहरे सदमे में हैं। गंभीर रूप से घायल सरस्वती को तत्काल धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह फिलहाल सर्जिकल आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर है और उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, गंभीर हालत में होने के बावजूद युवती बार-बार अपना ऑक्सीजन मास्क हटाने की कोशिश कर रही है और कुछ भी पूछने पर पूरी तरह चुप्पी साध लेती है। पुलिस को अब उसके होश में आने और बयान दर्ज होने का इंतजार है, ताकि इस खौफनाक कदम की असली वजह सामने आ सके। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वे रविवार से ही अपने-अपने घरों से लापता थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया। इस हादसे की वजह से अप लाइन पर रेल परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिसके चलते भुवनेश्वर-आनंद विहार संपर्कक्रांति एक्सप्रेस को तलगड़िया स्टेशन पर करीब दो घंटे 19 मिनट तक रोकना पड़ा। थाना प्रभारी पवनचंद्र पाठक ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और युवती के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026