राज्य
16-Jun-2026


- दो की मौत, चार जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे - कार चालक फरार, कार जब्त, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही - सैनिक स्कूल के पास हुआ हादसा भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सैनिक स्कूल के पास देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने भारी तबाही मचाई। बेकाबू हुई कार ने पहले सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे एक चाय दुकान के पास खड़े लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी। अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों, स्कूटरों और एक ऑटो रिक्शा को तोड़ती हुई आगे बढ़ गई। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और सीधे चाय की दुकान के पास खड़े लोगों के बीच जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, एक ऑटो रिक्शा पलट गया और करीब पांच मोटरसाइकिलें सड़क पर मलबे की तरह बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस भीषण दुर्घटना और वाहनों के मलबे के कारण सड़क पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चालक के पकड़े जाने के बाद ही साफ हो पाएगा कि हादसा गाड़ी की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक शराब के नशे में था। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026