- आरोपी के खिलाफ महिला की मर्यादा भंग करने और अन्य संबंधित गंभीर धाराओं में केस - आरोपी को पूछताछ के लिए समन भेजकर तलब किया गया हैदराबाद (ईएमएस)। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक कास्टिंग कोऑर्डिनेटर द्वारा बकाया भुगतान मांगने गई 23 वर्षीय कैरेक्टर आर्टिस्ट (चरित्र कलाकार) के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर बंजारा हिल्स पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान प्रसाद के रूप में हुई है, जो जूनियर और कैरेक्टर कलाकारों को फिल्मों में काम दिलाने (कास्टिंग) का काम करता है। उसने पिछले साल पीड़िता को एक फिल्म में रोल दिलाया था। बताया गया है कि फरवरी महीने में प्रसाद ने संबंधित अभिनेत्री को फोन कर उसका बकाया भुगतान ले जाने के लिए बुलाया था। दरअसल, फिल्म निर्माता की ओर से मिले कुल पेमेंट में से अपना तय कमीशन काटने के बाद प्रसाद को उस अभिनेत्री को 1.20 लाख रुपये का भुगतान करना था। हालांकि, वह पैसे देने की बजाय लगातार टालमटोल कर रहा था और अभिनेत्री को परेशान कर रहा था। पीड़िता का गंभीर आरोप है कि जब वह अपने हक का पैसा लेने के लिए प्रसाद से मिलने पहुंची, तो आरोपी उसे अपनी कार में बैठाकर किसी जगह ले जाने लगा और इसी दौरान उसने कार के भीतर ही अभिनेत्री के साथ बेहद अश्लील व अभद्र व्यवहार किया। इस घटना से आहत होकर पीड़िता ने कुछ दिन पहले बंजारा हिल्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रसाद के खिलाफ महिला की मर्यादा भंग करने और अन्य संबंधित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पूछताछ के लिए समन भेजकर तलब किया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026