राज्य
16-Jun-2026


- फिटनेस फेल 60 स्कूल बसें जब्त, 245 पर केस - चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हैदराबाद (ईएमएस)। तेलंगाना में नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल और कॉलेज खुलते ही परिवहन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। छात्रों की सुरक्षा को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ने वाले शैक्षणिक संस्थानों के वाहनों के खिलाफ राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया गया। स्कूल खुलने के पहले ही दिन हुई इस बड़ी कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले 245 वाहनों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए, जबकि बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के धड़ल्ले से चल रही 60 स्कूल बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। परिवहन विभाग के आला अधिकारियों के नेतृत्व में चले इस विशेष चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। इस दौरान बसों की फिटनेस, ओवरलोडिंग और तय सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही वाहनों के परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस (बीमा) और प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्रों को खंगाला। इसके साथ ही बसों को चला रहे ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस और उनके अनुभव का भी गहन सत्यापन किया गया। जांच टीम ने केवल कागजातों पर ही नहीं, बल्कि बसों के भीतर मौजूद सुरक्षा इंतजामों पर भी पैनी नजर रखी। बसों में फर्स्ट-एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र (फायर एक्स्टिंग्विशर), इमरजेंसी एग्जिट गेट (आपातकालीन निकास द्वार) और बच्चों की देखरेख के लिए महिला या पुरुष अटेंडेंट की मौजूदगी को चेक किया गया। इसके अलावा, तकनीकी तौर पर ब्रेक, टायर की स्थिति और लाइट जैसी यांत्रिक व्यवस्थाओं का भी ऑन-स्पॉट परीक्षण किया गया। परिवहन विभाग ने सभी निजी स्कूल और कॉलेज प्रशासनों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट के या फिर क्षमता से अधिक बच्चों को ठूस-ठूस कर ले जाने वाले वाहनों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे पाए जाने वाले वाहनों को तुरंत सीज किया जाएगा और वाहन मालिकों, चालकों के साथ-साथ संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया कि बसों के रखरखाव और नियमों के पालन की पूरी जिम्मेदारी संस्थानों की होगी। इसके साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को ओवरलोड वाहनों में भेजने से बचें और स्कूल वैन या बस की सुरक्षा की जानकारी जरूर रखें। परिवहन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, तेलंगाना में वर्तमान में शैक्षणिक संस्थानों की कुल 25,987 बसें रजिस्टर्ड हैं। इनमें से 23,204 बसों के पास तो वैध फिटनेस सर्टिफिकेट है, लेकिन शेष बची 2,783 बसों के मालिकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपनी बसों की फिटनेस जांच कराकर मंजूरी प्राप्त करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी ऐसा ही कड़ा एक्शन लिया जाएगा। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026