राज्य
16-Jun-2026


- ग्रामीणों ने पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा - आरोपी मजदूर पश्चिम बंगाल का रहने वाला चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के वंडालूर ऑल वूमेन पुलिस स्टेशन (महिला पुलिस थाना) ने मणिमंगलम के पास 10 वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पश्चिम बंगाल के एक 32 वर्षीय निर्माण मजदूर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के रहने वाले जयधन मंडल (32) के रूप में हुई है, जो मणिमंगलम के पास आधनूर गांव में एक निर्माणाधीन साइट पर काम करता था। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। बच्ची सड़क पर खेल रही थी, तभी आरोपी जयधन मंडल उसे बहला-फुसलाकर अपनी फूस की झोपड़ी के पास एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां वह अन्य मजदूरों के साथ रहता था। वहां जब आरोपी ने बच्ची का यौन उत्पीड़न करना शुरू किया, तो बच्ची किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर भाग निकली। उसने घर पहुंचकर तुरंत अपने परिवार को इस भयावह घटना की जानकारी दी। घटना सुनते ही बच्ची के परिवार वाले और स्थानीय ग्रामीण इकट्ठा होकर निर्माणाधीन साइट पर पहुंचे और आरोपी जयधन मंडल की पहचान की। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपने से पहले आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे मणिमंगलम पुलिस के हवाले किया गया। रविवार रात को ही पुलिस ने आरोपी को क्रोमपेट के एक सरकारी अस्पताल में ले जाकर उसकी चोटों का इलाज कराया। सोमवार को इस मामले को कानूनी कार्रवाई के लिए वंडालूर ऑल वूमेन पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर (स्थानांतरित) कर दिया गया। महिला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी जयधन मंडल को मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में पुझल जेल भेज दिया है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026