16-Jun-2026


- 23 जून को को होगा उद्घाटन, सीएम रेवंत रेड्डी रहेंगे मौजूद - ग्लोबल कंपनियों को लुभाने की अनोखी पहल - भारत-अमेरिका के मजबूत रिश्तों की नई मिसाल हैदराबाद (ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेतों के बीच तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक बड़ा अपडेट सामने आया है। यहाँ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर एक प्रमुख सड़क का नामकरण करने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। शहर के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (यूएस कॉन्सुलेट) के पास वाली मुख्य सड़क को अब ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ के नाम से जाना जाएगा। इस नवनिर्मित एवेन्यू का औपचारिक उद्घाटन आगामी 23 जून को प्रस्तावित है। इस हाई-प्रोफाइल उद्घाटन समारोह में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी विशेष रूप से शामिल होंगे। इस आयोजन को अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस (4 जुलाई) के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोहों की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिसंबर 2025 में पहली बार इस अनूठे प्रस्ताव का जिक्र किया था। हालांकि, इसके बाद अमेरिका से जुड़े टैरिफ (शुल्क) विवाद और फिर मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में अचानक बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के चलते इस योजना को कुछ समय के लिए ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था, जिसे अब दोबारा हरी झंडी मिल गई है। तेलंगाना सरकार का मानना है कि इस वैश्विक पहल से हैदराबाद और अमेरिका के बीच रणनीतिक, आर्थिक और कारोबारी रिश्तों को एक नई ऊंचाई मिलेगी। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि सरकार की योजना भविष्य में दुनिया की अन्य प्रमुख तकनीकी कंपनियों के नाम पर भी सड़कों का नामकरण करने की है, ताकि तेलंगाना को वैश्विक नवाचार (इन्नोवेशन) और आधुनिक तकनीक के सबसे बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके। गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में कोस्टको होलसेल, एली लिली, एचसीए हेल्थकेयर, मैकडॉनल्ड्स और नेशनवाइड इंश्योरेंस जैसी कई दिग्गज वैश्विक कंपनियों ने हैदराबाद में अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) स्थापित किए हैं। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र के नए ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों के लिए हैदराबाद आज पूरे भारत में सबसे पसंदीदा शहर बनकर उभरा है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यहां का बेहतरीन आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और कुशल मानव संसाधन (टैलेंट पूल) ही दुनिया भर की बहुराष्ट्रीय कंपनियों को हैदराबाद की ओर आकर्षित कर रहा है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026