क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


- साला समेत चार आरोपी गिरफ्तार हैदराबाद (ईएमएस)। गोलकुंडा के कुम्मरवाड़ी इलाके में पिछले सप्ताह 26 वर्षीय यूट्यूबर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर मसूद चांदी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके साले समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद और प्रेम विवाह से नाराजगी इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी। मृतक की पहचान शेख महबूब उर्फ मसूद चांदी के रूप में हुई है। वह पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और यूट्यूब पर बॉडीबिल्डिंग से जुड़े वीडियो अपलोड करता था। उसके 2,500 से अधिक फॉलोअर्स थे। पुलिस के मुताबिक 12 जून को कुछ हमलावर मसूद के घर में घुस आए और लोहे की रॉड, चाकू तथा क्रिकेट बैट से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे को बचाने की कोशिश में उसके पिता शेख इस्माइल भी मामूली रूप से घायल हो गए। जांच में सामने आया कि हत्या में मसूद का साला एसके जाहेद उर्फ सोहेल, उसके रिश्तेदार जीशान नवाब उर्फ जाबेर, आमेर नवाब उर्फ लड्डू और उनकी मां नफीज सुल्ताना शामिल थे। सभी आरोपी कुम्मरवाड़ी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार मसूद ने जनवरी 2025 में सोहेल की बहन रुखसार बेगम से परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह किया था। दिसंबर 2025 में दोनों के यहां एक बेटे का जन्म हुआ। बताया गया कि 8 जून को हुए एक विवाद के बाद सोहेल अपने परिवार के साथ मसूद के घर पहुंचा और रुखसार को जबरन अपने साथ ले गया। जाते समय उसने रुखसार को दोबारा मसूद के पास नहीं भेजने और दोनों का तलाक कराने की धमकी भी दी थी। इसके कुछ दिनों बाद आरोपियों ने मिलकर मसूद के घर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर गोलकुंडा थाने में हत्या, घर में जबरन घुसने, खतरनाक हथियारों से हमला करने और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर सोमवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026