रायगढ़(ईएमएस)। जिले में अवैध कबाड़ और औद्योगिक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेलर में लदी करीब 8 टन अवैध पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ट्रेलर में बड़ी मात्रा में औद्योगिक कबाड़ लोड है और उसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ट्रेलर को रोक लिया। बताया जा रहा है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब ट्रेलर वहां से रवाना होने की तैयारी में था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चालक समेत दो व्यक्ति मौजूद मिले। चालक ने अपनी पहचान नंदू वर्मा (35), निवासी दीनदयाल अपार्टमेंट, रायगढ़ के रूप में बताई। वहीं दूसरे व्यक्ति ने खुद को ट्रेलर का मालिक बताते हुए अपना नाम हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय (41), निवासी आशीर्वाद कॉलोनी, ढिमरापुर चौक बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रेलर में लगभग 8 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) लोड था। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि माल को पूंजीपथरा औद्योगिक क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि, जब पुलिस ने परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो दोनों आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और टालमटोल करते रहे। दस्तावेज न मिलने और माल की वैधता संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने ट्रेलर सहित दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त किए गए कच्चे आयरन की कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पॉयलट गोली को चोरी या अवैध रूप से प्राप्त संपत्ति होने के संदेह में जब्त करते हुए मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि यह सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे किस औद्योगिक इकाई में खपाने की योजना थी। साथ ही पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में अवैध कबाड़, स्क्रैप और औद्योगिक सामग्री के परिवहन तथा खरीद-फरोख्त पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के किसी भी प्रकार के औद्योगिक माल का परिवहन गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 जून 2026