- इंजन में तकनीकी खराबी के बाद हवा में चक्कर काटती रही - वजन कम करने के लिए हवा में ही जलाया ईंधन - सभी 180 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित कन्नूर (ईएमएस)। केरल के कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की मंगलवार सुबह आपातकालीन लैंडिंग (इमरजेंसी लैंडिंग) करानी पड़ी। उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण पायलटों ने एहतियातन इसे वापस मोड़ने का फैसला किया। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी 180 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। हवाई अड्डे के सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान ने सुबह 7:40 बजे जेद्दा के लिए प्रस्थान किया था। सफर के दौरान जब विमान बीच रास्ते में था, तभी कॉकपिट में बैठे पायलटों को इंजन से जुड़ी एक चेतावनी (वॉर्निंग इंडिकेशन) दिखाई दी। किसी भी बड़े खतरे से बचने के लिए क्रू मेंबर्स ने तुरंत विमान को वापस कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया। सूत्रों ने बताया कि कन्नूर हवाई अड्डे पर उतरने से पहले विमान काफी देर तक आसमान में ही मंडराता रहा। पायलटों ने लैंडिंग से पहले एयरपोर्ट के ऊपर कई चक्कर (सर्कल) लगाए, ताकि विमान में मौजूद अतिरिक्त ईंधन को जलाकर उसका वजन कम किया जा सके। तकनीकी नियमों के अनुसार, सुरक्षित लैंडिंग के लिए विमान का वजन निर्धारित मानकों के भीतर होना जरूरी है, अन्यथा दुर्घटना का खतरा रहता है। ईंधन कम होने के बाद विमान को रनवे पर सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग के तुरंत बाद जब ग्राउंड क्रू और इंजीनियरों ने विमान की बारीकी से तकनीकी जांच की, तो पता चला कि खराबी विमान के फ्यूल फिल्टर (ईंधन फिल्टर) में थी, जिसके कारण पायलटों को इंजन वॉर्निंग मिली थी। फिलहाल सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026