राष्ट्रीय
16-Jun-2026
...


पुलिस और इंटेलिजेंस की टीम ने जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश कर दो को किया गिरफ्तार बठिंडा,(ईएमएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले में बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बठिंडा-मलोट रोड पर बिजली के खंभे पर गुप्त रूप से सोलर पावर आधारित कैमरा लगाकर सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और उसकी फुटेज पाकिस्तान और कनाडा में बैठे देश विरोधी तत्वों को पहुंचाई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक थाना थर्मल बठिंडा में 9 जून 2026 को एफआईआर संख्या 66 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक जांच में सामने आया कि बठिंडा-मलोट नेशनल हाईवे पर अंबुजा फैक्ट्री के सामने सरकारी बिजली के खंभे पर मार्च महीने में सोलर ऊर्जा से संचालित एक कैमरा लगाया गया था। कैमरे में सक्रिय सिम कार्ड लगा होने से उससे लगातार लाइव निगरानी की जा रही थी। जांच के मुताबिक कैमरे का मुख्य उद्देश्य राजस्थान, फाजिल्का और फिरोजपुर बॉर्डर की ओर जाने वाले सैन्य वाहनों, सुरक्षा बलों की तैनाती और संवेदनशील गतिविधियों की जानकारी जुटाना था। रिपोर्ट के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बठिंडा के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पूरे नेटवर्क को ट्रेस किया। 10 जून को अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र के गांव सराए निवासी अशोक सिंह (40) को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के आधार पर 14 जून को गांव सराए के ही अकासदीप सिंह (22) को भी दबोच लिया। पुलिस रिमांड में 2 अन्य लोगों भी शामिल होने की बात सामने आई है। मामले में कुल 4 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से दो गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि दो की तलाश जारी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से ऐसा स्थान चुना था, जहां से नेशनल हाईवे से गुजरने वाली सुरक्षा एजेंसियों और सैन्य वाहनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। सिराज/ईएमएस 16जून26