-सत्ता से बाहर हुई डीएमके ने नेता प्रतिपक्ष पर हमलाकर लगाए आरोप चेन्नई,(ईएमएस)। देशभर में जारी सियासी गर्माहट के बीच विपक्षी गठबंधन की दरारें अब खुलकर सामने आ गई हैं। तमिलनाडु में सत्ता से बाहर हुई डीएमके ने अपने पूर्व सहयोगी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। डीएमके ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही विपक्षी एकता को कमजोर किया है। डीएमके ने यह दोतरफा हमला अपनी आईटी विंग और अपने आधिकारिक अखबार मुरासोली के जरिए किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डीएमके की आईटी विंग ने सोशल मीडिया पर बेहद कड़े शब्दों में लिखा कि जब कांग्रेस अपने राजनीतिक अस्तित्व के लिए लड़ रही थी, तब हमने उन्हें अपने कंधों पर उठाया, लेकिन जैसे ही उन्हें एक नया और चमकदार खिलौना दिखा, उन्होंने तुरंत पाला बदल लिया। राहुल गांधी एक मजाक हैं। इसके अलावा सोमवार को डीएमके के मुखपत्र मुरासोली में छपे एक संपादकीय में राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। अखबार ने लिखा कि राहुल गांधी दूसरों को तो विपक्षी एकता का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन अलग-अलग राज्यों में इस एकता को कमजोर करने वाले वह खुद हैं। संपादकीय में केरल का उदाहरण देते हुए कहा गया कि चुनाव में राहुल गांधी ने केरल के सीएम पिनाराई विजयन को गिरफ्तार करने की मांग की थी। इस वजह से वामपंथी नेता आज भी उनसे नाराज हैं और पूछ रहे हैं कि कांग्रेस का मुकाबला बीजेपी से है या अपने ही सहयोगियों से? बता दें इस पूरी लड़ाई की जड़ में हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद समीकरणों का बदलना है। कारण है कांग्रेस ने चुनाव तो डीएमके के गठबंधन में रहकर लड़ा और 5 सीटें जीतीं, लेकिन चुनाव के बाद अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीकेवी सरकार में शामिल हो गई। सिराज/ईएमएस 16जून26