जयपुर में हुए हमले के बाद मचा घमासान नागपुर(ईएमएस)। बेहद कम समय में पूरे देश में पहचान बना चुके कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हमला हुआ था। इसके ठीक दूसरे दिन मतलब मंगलवार को दीपके ने कहा है कि अभी तक जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक हमला करने और करवाने वाले कोई और नहीं आरएसएस के लोग थे। नागपुर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि यह हमला नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट पेपर लीक जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज को दबाने की एक सोची-समझी कोशिश है। अभिजीत दीपके मंगलवार सुबह नागपुर पहुंचे, जहां सीजेपी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संविधान चौक पर एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। इससे पहले जयपुर में सोमवार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दो लोगों ने दीपके के साथ कथित तौर पर मारपीट की। दीपके ने कहा, हम अपने मुद्दों से नहीं भटकेंगे। जितना चाहो हम पर हमला कर लो। हम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे और अपने मुख्य मुद्दे से नहीं हटेंगे, जो एक करोड़ से अधिक छात्रों के साथ हो रहे अन्याय से जुड़ा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने कहा, इस तरह के हमले होते रहेंगे, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। हम महात्मा गांधी और आंबेडकर के मार्ग पर चलते हैं। यह हमारा सत्याग्रह है और हम शांतिपूर्वक आगे बढ़ते रहेंगे। दीपके ने नागपुर के निवासियों, छात्रों और युवाओं से मंगलवार को संविधान चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। सीजेपी नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, नागपुर में प्रदर्शन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस को इस प्रदर्शन में 2,000 से अधिक युवाओं के शामिल होने का अनुमान है। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संघ के खिलाफ जाने वालों पर हमले होते है इस घटना के सिलसिले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। यह पूछे जाने पर कि वह इस हमले के लिए किसे जिम्मेदार मानते हैं, दीपके ने आरोप लगाया, वहां आरएसएस के कुछ लोग थे और इसमें कोई नयी बात नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है तो इस तरह की घटनाएं होती हैं। आरएसएस से संबंध होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दावों के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने कहा, तो क्या इसीलिए उन्होंने कल मुझ पर हमला किया? उन्होंने दोहराया कि उन पर हमला असली मुद्दे से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास था। वीरेंद्र/ईएमएस/16जून2026