राष्ट्रीय
16-Jun-2026
...


-सीएम योगी ने बच्चों के प्रति लगाव का जिक्र किया तो कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने लगे लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित डी-3 त्रिवेणी कार्यक्रम में बच्चों के प्रति अपने लगाव का जिक्र किया तो सभागार में मौजूद लोग मुस्कुराने लगे। योगी ने कहा कि जब भी वह किसी गांव, कस्बे या सार्वजनिक कार्यक्रम में जाते हैं तो वहां कई माताएं अपने छोटे बच्चों को लेकर आती हैं। उनका उद्देश्य बच्चों का अन्नप्राशन कराना होता है। योगी ने कहा कि उन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराना अच्छा लगता है. उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि बच्चा अपने माता-पिता, दादा या दादी की गोद में होता है, लेकिन जैसे ही वह मेरी गोद में आता है, उसका रोना बंद हो जाता है और वह मुस्कुराने लगता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीएम योगी ने कहा कि बच्चे बेहद निष्कपट होते हैं और उनकी भावनाएं भी पूरी तरह स्वाभाविक होती हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई बच्चा उनकी गोद में आता है तो उसे सुरक्षा का एहसास होता है। योगी ने कहा कि बच्चे के मन में यह भाव आता है कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। शायद यही कारण है कि वह रोना छोड़ देता है और सहज हो जाता है। बच्चों की बात करते-करते सीएम योगी अचानक प्रशासनिक व्यवस्था और अपराध के मुद्दे पर आ गए। उन्होंने कहा कि यदि उनसे पूछा जाए कि उनका सबसे प्रिय विषय क्या है तो उनका जवाब होगा माफिया का सफाया करना। मुख्यमंत्री के इस बयान पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। सीएम योगी ने अपने कार्यकाल की एक घटना सुनाते हुए बताया कि एक बार उत्तर प्रदेश पुलिस के तत्कालीन डीजीपी उनसे मिलने पहुंचे। डीजीपी ने उन्हें जानकारी दी कि लखनऊ में पुलिस विभाग की एक अहम जमीन पर माफिया का कब्जा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जैसे ही उन्होंने यह बात सुनी, उन्होंने तुरंत कहा कि यह तो मेरा सबसे प्रिय विषय है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। योगी ने बताया कि जमीन खाली कराने के बाद सरकार ने उसे यूं ही नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि उसी जमीन पर बाद में फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट का निर्माण कराया गया। यह सिर्फ अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं थी, बल्कि एक सकारात्मक बदलाव का उदाहरण भी था, जिस जमीन पर कभी माफिया का कब्जा था, वहां आज कानून व्यवस्था और वैज्ञानिक जांच से जुड़ा संस्थान खड़ा है। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो कानून तोड़ा है तो कार्रवाई तय है। सिराज/ईएमएस 16जून26