-यूपी में ऑटो पर गिरा पेड़ युवती की मौत -4 जून से 15 जून के बीच देश में 19.2 मिमी बारिश हुई दर्ज जो 64फीसदी कम नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के 9 राज्यों में प्री-मानसून सक्रिय है। राजस्थान के चूरू, झुंझुनू और सीकर में सोमवार दोपहर रेत का बवंडर उठा। चुरू में कुछ देर के लिए दिन में अंधेरे छा गया। कोटपूतली-बहरोड़ में बवंडर के बाद तेज बारिश हुई जिससे गर्मी में लोगों को राहत मिली। वही यूपी के बदायूं में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। आंधी में एक बड़ा पेड़ ऑटो पर गिर गया। आटो में युवती की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रुप से घायल हो गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान 92किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चली। खराब मौसम के कारण दिल्ली से 4 फ्लाइट्स को जयपुर डाइवर्ट किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून बिहार, झारखंड और ओडिशा में आगे बढ़ चुका है। हालांकि, दक्षिण भारत से आगे बढ़ने के बाद महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के आसपास रुक गया है। नॉर्थ-ईस्ट में यह यूपी और छत्तीसगढ़ की बॉर्डर पर पहुंच चुका है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 12 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। 15 जून की सैटेलाइट तस्वीरों में देश के बड़े हिस्से से मानसूनी बादल गायब दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक 4 जून से 15 जून के बीच देश में 19.2 मिमी बारिश हुई यानी बारिश में 64फीसदी की कमी दर्ज की गई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में पर्याप्त नमी के बावजूद बादल नहीं बन पा रहे हैं। इससे मानसून के आगे बढ़ने पर फिलहाल ब्रेक लग सकता है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है। राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में सोमवार को तापमान 40डिग्री से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा 43.4 डिग्री यूपी के बांदा में दर्ज किया गया। वहीं मप्र के खजुराहो 42.6डिग्री, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42डिग्री, ओडिशा के बौध में 42.5डिग्री, महाराष्ट्र के वर्धा में 41.5डिग्री, बिहार के शेखपुरा में 41.5डिग्री, राजस्थान के फलोदी में 42.8डिग्री दर्ज किया गया। सिराज/ईएमएस 16जून26