- लखनऊ में सीएम आवास पर जेवर के किसानों का हुआ ऐतिहासिक सम्मान लखनऊ,(ईएमएस)। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले जेवर क्षेत्र के किसान परिवारों ने स्थानीय विधायक धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को सीएम आवास पर योगी आदित्यनाथ से भेंट कर आभार माना। इस अवसर पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने सीएम योगी का स्वागत करते हुए कहा कि आज वह केवल जेवर के विधायक के रूप में नहीं, बल्कि उन हजारों किसान परिवारों की भावनाओं के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हुए हैं, जिन्होंने प्रदेश और राष्ट्र के विकास के लिए अपनी पुश्तैनी भूमि समर्पित कर दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक धीरेन्द्र सिंह ने कहा है कि जेवर के किसानों ने अपनी ही जमीन पर बने विश्वस्तरीय एयरपोर्ट से लखनऊ तक की हवाई यात्रा की। कल तक जिन हाथों में फावड़ा, हल और दरांती हुआ करती थी, आज उन्हीं हाथों में बोर्डिंग पास देखकर गर्व हो रहा है। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि किसानों के संघर्ष, सम्मान और बदलते हुए उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर है। सीएम योगी ने जेवर क्षेत्र के किसानों के त्याग, दूरदर्शिता और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की परिकल्पना को साकार करने में जेवर के किसानों और विधायक धीरेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही है। योगी ने कहा कि 2017 में जेवर क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं की दृष्टि से काफी पिछड़ा था। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं थे, लेकिन आज वही क्षेत्र उत्तर प्रदेश के विकास का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। आने वाले समय में जेवर वैश्विक निवेश, व्यापार, कृषि निर्यात और आधुनिक उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि जेवर क्षेत्र में सेमीकंडक्टर यूनिट, मेडिकल डिवाइस पार्क, विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान तथा अन्य बड़े निवेश प्रस्तावित हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। फल, सब्जी और कृषि उत्पादों को अब वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का मार्ग मिलेगा और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ कभी सौदेबाजी नहीं करती, बल्कि उन्हें उनका न्यायोचित अधिकार दिलाने का कार्य करती है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उनके सम्मान, हितों और भविष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम ने यह भी घोषणा की कि जेवर डिग्री कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरु किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम, चिकित्सा सुविधाओं तथा मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए यमुना प्राधिकरण को आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके कर रोही के किसान जयवीर सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने का कार्य किया है। पहले जहां गांवों की पहचान सीमित थी, वहीं आज जेवर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। एयरपोर्ट के जरिए से युवाओं को रोजगार और किसानों को नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। सिराज/ईएमएस 16जून26