राष्ट्रीय
16-Jun-2026


-सांसद पति ने छोड़ी टीएमसी, विधायक पत्नी ममता की खा रही कसमें कोलकाता,(ईएमएस)। बंगाल में टीएमसी में फूट के बाद सांसद पति ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है, लेकिन विधायक अभी भी पूर्व सीएम ममता के साथ हैं। वह ममता बनर्जी के नाम पर कसमें खा रही हैं। टीएमसी की इस महिला नेत्री ने कहा कि मैं उसे कैसे छोड़ सकती हूं जिसे मैंने दुर्गा कहा है। ये कोई और नहीं पश्चिम बंगाल के कद्दावर नेता सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी नयना बंदोपाध्याय है। बता दें बंगाल की राजनीति के जाने-माने चेहरे सुदीप बंदोपाध्याय रविवार को टीएमसी छोड़ बागियों के गुट में मिल गए और बाद में नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हो गए। सुदीप बंदोपाध्याय उत्तरी कोलकाता से सांसद हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुदीप बंदोपाध्याय ने 19 अन्य बागी सांसदों के साथ स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा कि वे सांसद के रूप में एनडीए का समर्थन करेंगे। सुदीप बंदोपाध्याय के पार्टी छोड़ने के बाद उनकी विधायक पत्नी नयना बंदोपाध्याय की राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा होने लगी है। कई नेताओं-कार्यकर्ताओं ने कहा कि नयना अपनी राहें टीएमसी से अलग कर लेंगी, लेकिन नयना ने इन सारी अटकलों को खारिज कर दिया। नयना ने कहा है कि वे ममता बनर्जी के साथ ही रहेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक नयना ने कहा कि उनके पार्टी छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने ममता को अपना नेता माना है। यह बात उनके लिए सच है। उन्होंने तो यहां तक दावा किया कि अगर ममता बनर्जी उन्हें छोड़ भी दें, तो भी वे उन्हें नहीं छोड़ेंगी। नयना बनर्जी के शब्दों में, मैं दीदी के साथ दृढ़ता से जुड़ी हुई हूं। मैं उन्हें कैसे छोड़ सकती हूं जिन्हें मैंने दुर्गा कहा है? मैं उनका साथ कभी नहीं छोडूंगी। नयना बंदोपाध्याय ने बताया कि पार्टी के कुछ लोगों ने उन पर हमला किया है। वह इससे स्तब्ध हैं। मैंने इस बारे में पार्टी सुप्रीमो से शिकायत भी की है। सुदीप बंदोपाध्याय ने अपनी पत्नी नयना के बारे में कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी को मनाने की कोशिश की, हालांकि नयना ने पाला नहीं बदला और वह टीएमसी में ही रहीं, अपने बयान के समर्थन में उन्होंने एक ही परिवार के कई सदस्यों के उदाहरण भी दिए, जिन्होंने अलग-अलग पार्टियों में राजनीति की है। सिराज/ईएमएस 16जून26